• नई दिल्ली रवाना होने से पहले जीडीसी में हुआ सम्मान
My Bharat Program : बिलासपुर । कल 2 अक्टूबर को संसद भवन में ‘माय भारत प्रोग्राम’ के अंतर्गत महापुरुषों से प्रेरणा लेने के लिए देशभर से युवाओं को आमंत्रित किया गया है। बिलासपुर की प्रशंसा पांडे को इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधित्व के लिए चुना गया है। महात्मा गांधी पर निबंध प्रतियोगिता प्रशंसा ने में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश की आइकॉन बनी हुई हैं । कल संसद भवन में ओम बिरला द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम के लिए वह आज विशेष विमान से रवाना हुईं । इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दोपहर का भोजन करने का अवसर भी मिलेगा ।

My Bharat Program : हर वर्ष 2 अक्टूबर को संसद भवन में माय भारत कार्यक्रम के अंतर्गत महापुरुषों से प्रेरणा लेने के लिए युवाओं को आमंत्रित किया जाता है। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुनी गईं प्रशंसा पांडे को उनके महाविद्यालय शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर में सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं। महाविद्यालय के प्राचार्य डा. एस. आर. कमलेश सहित प्रो. मंजू माधुरी बाजपेयी , चौधरी सर, सिन्हा मैडम, सीमा मिश्रा मैडम एवं डॉ. पूजा शर्मा सहित अन्य प्राध्यापकों ने प्रशंसा पांडे का अभिनंदन किया और उनके आगामी राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
छत्तीसगढ़ की यूथ आइकॉन
प्रशंसा पांडे नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता हैं तथा विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी राज्य स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज करा चुकी हैं। पिछले दो वर्षों से वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व करती आ रही हैं। युवा नेतृत्व के क्षेत्र में प्रशंसा पांडे को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से Youth Icon की उपाधि भी प्राप्त है।
राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रमों में सहभागिता
Youth Icon के रूप में वे नशामुक्त भारत अभियान सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता कर चुकी हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ एवं युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी उन्होंने Youth Icon के रूप में सहभागिता की है। संसद भवन के लिए उनका चयन उनके निरंतर परिश्रम, युवा नेतृत्व और राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय सहभागिता का प्रतिफल है। बिलासपुर की बेटी का संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश भी है।

