Ashish Tikariya Jansampark director: रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग के नव-नियुक्त संचालक आशीष टिकरिया (IAS) ने आज जनसंपर्क संचालनालय पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद संचालनालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और उन्हें इस नवीन दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
आईएएस अधिकारी आशीष कुमार टिकरिया वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध संचालक (MD) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। राज्य सरकार ने एक प्रशासनिक आदेश जारी कर उन्हें वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के साथ-साथ जनसंपर्क संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
जन-जन तक योजनाएं पहुंचें
पदभार संभालने के बाद आशीष टिकरिया ने विभागीय कामकाज की जानकारी ली। अपने इस नए दायित्व के तहत वे राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, प्रशासनिक नीतियों और राज्य में हो रहे विकास कार्यों की सटीक जानकारी को मीडिया और आम जनता तक पहुंचाने की कमान संभालेंगे। उनका मुख्य फोकस शासन की प्राथमिकताओं और नीतियों को प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से प्रचारित-प्रसारित करना होगा।

