Social Media Influencer Akanksha Toppo Arrested : अंबिकापुर। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को बुधवार को अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आकांक्षा पर पीड़िता की पहचान और निजता उजागर करने, आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और लोगों के बीच वैमनस्य फैलाने के आरोप हैं।
आकांक्षा पर विभिन्न थानों में 7 एफआईआर
आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ सरगुजा जिले के अलग-अलग थानों में सात अपराध दर्ज हैं। बुधवार को गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल कराया गया और फिर कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश के पर पुलिस ने जेल दाखिल कर दिया। कोतवाली पुलिस ने दो दिन पहले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, दोनों पर सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाली टिप्पणियां कीं।
कोर्ट परिसर में जुटे समर्थक
आकांक्षा टोप्पो की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग कोर्ट परिसर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह के हंगामे की आशंका को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। सर्व आदिवासी समाज की ओर से गिरफ्तारी का विरोध किया गया । आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ इससे पहले सीतापुर थाने में भी मामला दर्ज किया गया था। उस मामले में पुलिस ने उन्हें चेकलिस्ट पर छोड़ दिया था।
भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ भी FIR
इस पूरे विवाद में आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता धीरज सिंह के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है। शिकायत में धीरज सिंह पर कथित तौर पर धमकी देने और कार का पीछा करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी लगाई हैं।

