AGRASEN WEEK : सूरजपुर। महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत अग्रोहा भवन में चल रहे अग्रसेन सप्ताह में आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा से खूब वाहवाही लूटी। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों पर अग्रोहा भवन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
जज, डाक्टर, साइंटिस्ट बन बच्चे
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे प्रतिभागी कुदरगढ़ी मैया, श्याम बाबा, भगवान विष्णु और प्रेमानंद महाराज सहित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्वरूपों में नजर आए। वहीं कई बच्चों ने जज, डॉक्टर, साइंटिस्ट सहित अलग-अलग पेशों का रूप धारण कर अपनी कल्पनाशीलता और प्रतिभा का परिचय दिया। मासूम अंदाज में दी गई प्रस्तुतियों ने उपस्थित समाजजनों का मन मोह लिया।

संवाद एवं प्रशस्ति से बटोरी प्रशंसा
बच्चों ने केवल वेशभूषा ही नहीं, बल्कि अपने पात्रों के अनुरूप संवाद और प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। नन्हे प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। अभिभावकों और समाजजनों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए जमकर तालियां बजाईं। अग्रवाल सभा सूरजपुर के संयोजन में आयोजित अग्रसेन सप्ताह के दौरान अग्रोहा भवन में लगातार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। खेलकूद, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में समाज के लोग बड़ी संख्या में सहभागिता कर रहे हैं।
सामाजिक एकजुटता की झलक
बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग की भागीदारी से महोत्सव सामाजिक एकता और उत्साह का केंद्र बना हुआ है। अग्रसेन जयंती महोत्सव के आयोजनों में सेवा, संस्कार, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिल रही है। आने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी समाजजनों में खासा उत्साह बना हुआ है।

