• बच्चों, युवाओं, अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही आम लोगों की रूचि बढ़ी
Badminton Hall Stadium : सूरजपुर। रेवती रमण मिश्र कॉलेज रोड का बैडमिंटन हॉल और स्टेडियम अब शहरवासियों के लिए खेल के साथ नियमित शारीरिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन गया है। सुबह से शाम तक यहां बच्चे, युवा, अधिकारी-कर्मचारी और आम लोग बैडमिंटन, क्रिकेट, रनिंग, वॉकिंग और व्यायाम के लिए पहुंच रहे हैं। एक ही परिसर में उपलब्ध सुविधाओं से नियमित अभ्यास के साथ नई प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

Badminton Hall Stadium : बैडमिंटन हॉल में सुबह-शाम खिलाड़ियों की अच्छी संख्या रहती है। बच्चों और युवाओं के नियमित अभ्यास से खेल के प्रति रुचि बढ़ रही है। स्टेडियम में क्रिकेट के साथ दौड़, पैदल चलने और अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए लोग पहुंचते हैं। प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा परखने का अवसर मिल रहा है।खेलप्रेमियों के अनुसार इस परिसर के निर्माण के पीछे तत्कालीन कलेक्टर के.सी. देवसेनापति की सोच और पहल महत्वपूर्ण रही। उनकी पहल से शहर में खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिली और उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने का मंच उपलब्ध हुआ।
खेल के साथ सेहत और सुकून
व्यस्त दिनचर्या के बीच यह परिसर शहरवासियों को शारीरिक गतिविधियों का केंद्र बनरहा है। अधिकारी-कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों की भागीदारी से इसकी उपयोगिता बढ़ी है। बच्चों और युवाओं के लिए यह अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी दे रहा है।

लोगों की जुबानी
बैडमिंटन संघ के सचिव संदीप अग्रवाल के अनुसार यहां परिसर में मिल रही सुविधाओं से बच्चों को नियमित अभ्यास और प्रतिभा निखारने का अवसर मिला है। पार्षद प्रमोद तायल ने कहा कि बच्चों से बड़ों तक की मौजूदगी खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता दिखाती है। पुलिस प्रधान आरक्षक हरेंद्र सिंह बताते है कि वे रोज सुबह बैडमिंटन खेलने पहुंचते हैं, बैडमिंटन खेलना शरीर को फिट रखने का अच्छा माध्यम है। यहां माहौल बेहतर है।

युवा व्यवसायी शैलेश उर्फ़ शनी अग्रवाल ने बताया कि यहां बेहतर सुविधा और माहौल के कारण नियमित खेलना सुखद अनुभव है। युवा खिलाड़ी प्रदीप सोनी उर्फ बल्लू कहते हैं कि यहां परिसर में अच्छी सुविधा से नियमित अभ्यास और आगे बढ़ने का हौसला खिलाड़ियों को मिल रहा है। युवा व्यवसायी रितेश गर्ग कहते हैं कि यहां परिसर का वातावरण सुखद है । बैडमिंटन हॉल की सुविधा से रोज अभ्यास करना आसान हुआ है, लोगों की खेल में रुचि बढ़ी है।

