• पूरी नवरात्रि भारी वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक
• नरेन्द्र कुमार रात्रे
Shardiya Navratri : कोरबा। हसदेव तट स्थित मां सर्वमंगला मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन घट स्थापना कर ज्योत जलाई गई । मंदिर में इस बार 12 हजार मनोकामना ज्योति कलश की स्थापना की गई है। पहले ही दिन से माता के दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े हैं।
Shardiya Navratri : कोरबा जिले के प्रसिद्ध मां सर्वमंगला मंदिर में शारदीय नवरात्रि 2026 का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। नवरात्रि के पहले दिन से ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की कतार लगी रही। मा श्रद्धालु माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना हो रही है। ज्योति कलशों की स्थापना के साथ ही पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया है। सर्वमंगला माता के जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर में उत्सव का माहौल बना हुआ है।

पहले दिन से ही भक्तों की भीड़
कोरबा जिले के अलावा देश- प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंच रहे हैं। आज प्रथम दिवस ही माता के मंदिर में आस्था के दीप जलाने भक्तों को भीड़ लगी रही। मंदिर के राजपुरोहित नमन कुमार पाण्डेय ने मंदिर में लोगो की सुरक्षा के लिए सभी जगहों में सीसी टीवी कैमरा लगवाए हैं। उन्होंने चोरों से सावधान रहने की अपील लोगो से की है। मंदिर में इस साल भीड़ अधिक होने की बात कही जा रही है।
ज्योति कलशों से जगमगाया माता का दरबार
मंदिर के राजपुरोहित नन्हा पांडे ने बताया कि इस वर्ष शारदीय नवरात्रि के दौरान मां सर्वमंगला मंदिर में कुल 12,106 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। इनमें 11,000 तेल के और 1,100 घी के ज्योति कलश शामिल हैं। श्रद्धालुओं ने माता के प्रति आस्था के साथ ज्योति कलशों की स्थापना कराई है। इन प्रज्वलित ज्योति कलशों के माध्यम से भक्त नौ दिनों तक माता की आराधना करेंगे।
भारी वाहन रहेंगे प्रतिबंधित
मंदिर में भीड़ को देखते हुए राजपुरोहित नमन कुमार पाण्डेय ने कटघोरा एसडीएम से भारी वाहनों को मंदिर परिसर से होकर गुजरने पर रोक लगाने की मांग की थी। रोक का आदेश भी जारी कर दिया गया है। पूरी नवरात्रि में इस रोड पर भारी वाहनों को आवाजाही पर रोक रहेगी। मंदिर के राजपुरोहित ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

