• 63 कार्यों का लोकार्पण, 54 का भूमिपूजन; प्रेमनगर को 2.70 करोड़ के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा
Surajpur Development : सूरजपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को रायपुर स्थित निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम में सूरजपुर जिले को 232 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 24 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से पूर्ण 63 कार्यों का लोकार्पण और 208 करोड़ 20 लाख रुपये के 54 कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही प्रेमनगर नगर पंचायत के लिए 2 करोड़ 70 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरगुजा और बस्तर सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं को साकार करना सरकार का संकल्प है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

प्रेमनगर में डोम, इंडोर स्टेडियम और सड़क निर्माण
मुख्यमंत्री ने मंगल भवन के पास डोम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये, इंडोर स्टेडियम के लिए 50 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 10, 11 एवं 12 से विश्रामगृह तक लगभग दो किलोमीटर बीटी सड़क के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। प्रतिकूल मौसम के कारण कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुँच पाने पर उन्होंने क्षेत्रवासियों से खेद व्यक्त किया तथा जिला प्रशासन की तैयारियों की सराहना की।
जलसंरक्षण के 2,212 कार्यों के लिए 130.56 करोड़
जल संचय जनभागीदारी अभियान में सूरजपुर प्रदेश में प्रथम और देश में चौथे स्थान पर रहने पर मुख्यमंत्री ने जिलेवासियों, कलेक्टर और प्रशासनिक टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन के 2,212 कार्यों पर 130 करोड़ 56 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे वर्षा जल संचयन, भूजल स्तर में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

किसान और महिला कल्याण पर जोर…
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों तथा लगभग 1,500 पुरानी सिंचाई योजनाओं की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार के लिए 2,800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों को पक्के आवास और बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, तेंदूपत्ता संग्रहण की पारिश्रमिक दर 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई है।मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से शासकीय सेवाओं को सुगम बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अंजोर विजन 2047 के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। बस्तर में शांति और विकास के विस्तार तथा सरगुजा अंचल में पर्यटन की संभावनाओं को रोजगार से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।

सरगुजा संभाग में विकास को मिल रही गति- रामविचार नेताम
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरगुजा संभाग सहित प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से ग्राम पंचायतों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्षा ऋतु के बाद निर्माण कार्यों में तेजी आएगी।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही योजनाएँ-लक्ष्मी राजवाड़े
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल दे रही है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने में सहायक है। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने सूरजपुर जिले को विकास कार्यों की सौगात मिलने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
विधायक की मांगों पर मुख्यमंत्री ने दी विकास कार्यों की सौगात
विधायक भूलन सिंह मरावी ने प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनसमस्याओं को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष रखते हुए क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्यों की मांग की। मुख्यमंत्री ने मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए प्रेमनगर नगर पंचायत के लिए डोम निर्माण, इंडोर स्टेडियम और बीटी सड़क निर्माण की घोषणा की। विधायक श्री मरावी ने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने तथा जनअपेक्षाओं के अनुरूप कार्यों की स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
ये रहे उपस्थित..
मुख्यमंत्री निवास पर सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक श्रीमती गोमती साय ,भारत सिंह सिसोदिया व प्रेमनगर कार्यक्रम स्थल पर विधायक श्रीमती शकुंतला पोर्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंदमणि पैकरा, उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा राजवाड़े, रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमेन बाबूलाल अग्रवाल, वरिष्ठ नेता भीमसेन अग्रवाल अजजा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सतनारायण सिंह पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रामकृपाल साहू भाजपा जिला कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल,शिवनंदनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल जिला मंत्री राजेश्वर तिवारी,संत सिंह,दीपक गुप्ता प्रेमनगर के भाजपा नेता नेम साय सिंह वीरेंद्र जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से सरगुजा आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

