• 14 नवंबर को दिल्ली में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय मंच पर होंगे सम्मानित,
• सामाजिक सरोकारों में योगदान को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान
Global icon award : सूरजपुर। संघर्षों से जूझते हुए आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम करना और व्यावसायिक सफलता के साथ समाजसेवा को जीवन का उद्देश्य बनाना आसान नहीं होता। सूरजपुर के डॉ. राहुल अग्रवाल टिंकू ने अपनी इच्छाशक्ति, कर्मठता और सेवाभाव से ऐसी ही विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके सामाजिक योगदान को अब राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन ने उन्हें महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड-2026 से सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल द्वारा 31 अक्टूबर को जारी सम्मान पत्र के अनुसार, 14 नवंबर को नई दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, जनपथ में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। देशभर के अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों की मौजूदगी में मिलने वाला यह सम्मान उनके वर्षों के सामाजिक समर्पण और मानवीय मूल्यों की राष्ट्रीय पहचान है। इससे सूरजपुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में हर्ष का माहौल है।
हादसे ने बदल दी जिंदगी, नहीं डिगा हौसला
डॉ. राहुल अग्रवाल की जीवन यात्रा संघर्ष और आत्मविश्वास की प्रेरक मिसाल है। एक सड़क दुर्घटना के कारण उन्हें स्पाइनल कॉर्ड इंजरी का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद आत्मनिर्भरता बनाए रखते हुए व्यावसायिक और सामाजिक गतिविधियों में अपनी सक्रियता कायम रखी। उनका जीवन संदेश देता है कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने चुनौतियां भी रास्ता नहीं रोक सकतीं।
व्यवसाय के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य में योगदान
वर्तमान में वे बर्बरीक प्रोजेक्ट लिमिटेड में वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। कंपनी रेल, सड़क, खनन और आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में कार्यरत है। व्यावसायिक व्यस्तताओं के बीच उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी विशेष प्राथमिकता दी है। साधुराम विद्या मंदिर, एसआरपीआर मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, साधुराम सेवा कुंज और नर्सिंग कॉलेज के संचालन से जुड़ी पहलें इसी दिशा में उनके योगदान को दर्शाती हैं।
दिव्यांगजनों, जरूरतमंद परिवारों की सेवा
डॉ. अग्रवाल वर्षभर दिव्यांगजनों की सहायता और सेवा के कार्यों से जुड़े रहते हैं। इसके अलावा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग तथा आश्रयविहीन लोगों के लिए आवास निर्माण में मदद जैसे कार्य भी करते हैं। धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों में देवगढ़ धाम में भंडारा, मां बागेश्वरी मंदिर निर्माण और कुदरगढ़ धाम में नौ दिवसीय सेवा भंडारे के आयोजन में उनका योगदान रहा है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी वे सक्रिय हैं। व्यावसायिक उपलब्धियों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन कल्याण, धार्मिक सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर प्रयासरत डॉ. राहुल अग्रवाल को मिलने वाला यह सम्मान उनके सेवा संकल्प का सम्मान है।

