Driver’s Strike : बिलासपुर। अपने अधिकारों की सुरक्षा और सामाजिक सम्मान की लड़ाई को लेकर ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी एवं छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन ने संगठन ने आगामी 12 नवंबर से देशभर में अनिश्चितकालीन ‘स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन’ शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन ने देश और प्रदेश के सभी ड्राइवरों से अपनी गाड़ियां खड़ी कर इस आंदोलन को समर्थन देने और एकजुट होकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया है।
सरकार ने मांगों पर कदम नहीं उठाया
बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ड्राइवर लंबे समय से अपनी मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी वाजिब मांगों को लेकर प्रयासरत हैं, लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा अब तक कोई उचित कदम नहीं उठाया गया है। इसी अनदेखी के विरोध में अब आर-पार के आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
ड्राइवर महासंगठन की प्रमुख मांगें
ड्राइवर आयोग एवं कल्याण बोर्ड का गठन-
ड्राइवरों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए स्वतंत्र ड्राइवर आयोग और ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाया जाए।
20 लाख का बीमा व पेंशन– प्रत्येक ड्राइवर को 20 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर सम्मानजनक पेंशन सुविधा दी जाए।
दुर्घटनाओं पर सैनिक जैसा सम्मान- सड़क दुर्घटना के मामलों में ड्राइवरों को अपराधी मानने के बजाय उन्हें देश के सैनिक के समान सम्मान और निष्पक्ष न्याय दिया जाए।
राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस पर शासकीय अवकाश- 1 सितंबर को ‘राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस’ के रूप में मान्यता देते हुए इस दिन सरकारी अवकाश घोषित किया जाए।
ड्राइवरों से अपील
संगठन ने अपील की है कि 12 नवंबर से सभी ड्राइवर्स अपनी गाड़ियां खड़ी कर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन का समर्थन करें और जब तक सरकार मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक स्टेयरिंग न थामें। आंदोलन से जुड़ने एवं अधिक जानकारी के लिए संगठन ने आधिकारिक मोबाइल नंबर 8085401673, 7225997263 और 7222962010 जारी किए हैं।

