• सैकड़ों व्रती महिलाएं करेंगी सूर्य उपासना, श्रद्धालुओं की जुटेगी भीड़
Chhath Mahaparva : सूरजपुर। सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर छठ पूजा समिति द्वारा रेणुका नदी के तट पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नदी में घाटों के निर्माण एवं बंधान का कार्य मशीनों के माध्यम से कराया जा रहा है, वहीं घाटों की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में समिति के सदस्य जुटे हुए हैं।
रेणुका तक पर सैकड़ों व्रती महिलाएं विधि-विधान से छठ महापर्व पर सूर्य उपासना करेंगी। डूबते व उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रती महिलाएं सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना के साथ पूजा-अर्चना करेंगी।
इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के नदी तट पर पहुंचने की संभावना है। छठ पर्व के दौरान नदी तट पर आस्था, भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिलता है। समिति के सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
छठ पूजा की तैयारियों में समिति के सदस्य गणेश सोनी, अनिल गुप्ता, श्रवण जैन, संतोष सोनी, प्रदीप सोनी बल्लू, मल्लू सोनी, सुनील विश्वकर्मा, नरेश सोनी, राजेश पटेल, कमलेश गुप्ता भोला कुशवाहा, विक्की मिश्रा रूपन साहू सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

कलेक्टर ने छठ घाट का किया निरीक्षण
छठ महापर्व को लेकर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने अधिकारियों के साथ रेणुका नदी स्थित छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने छठ पूजा समिति के सदस्यों से चर्चा कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने यातायात, पार्किंग, विद्युत, साफ-सफाई एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। घाटों पर पुलिस बल एवं नगर सैनिकों की तैनाती, बैरिकेडिंग,गोताखोरों की व्यवस्था तथा स्वास्थ्य टीम और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेष अग्रवाल, एसडीएम प्रशांत कुशवाहा, नगर पुलिस अधीक्षक विशाल गर्ग सहित संबंधित अधिकारी एवं छठ पूजा समिति के सदस्य उपस्थित थे।




