Black marketing of fertilizers: अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में अवैध उर्वरक भंडारण एवं कालाबाजारी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विकासखंड बतौली के ग्राम पोकसरी एवं मंगरी में छापामार कार्रवाई कर बिना वैध दस्तावेजों के भंडारित बड़ी मात्रा में रासायनिक उर्वरक जब्त किया गया।
Black marketing of fertilizers: संयुक्त टीम ने ग्राम पोकसरी निवासी रामनरेश यादव के घर स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गोदाम में बिना किसी वैध दस्तावेज के भंडारित 206 बोरी यूरिया, 92 बोरी एनपीके तथा 55 बोरी डीएपी खाद बरामद की गई। इसके अतिरिक्त टीम ने मंगारी स्थित ‘मां लक्ष्मी किराना स्टोर’ में भी दबिश दी, जहां से 21 बोरी यूरिया एवं 5 बोरी सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) बिना वैध दस्तावेज के भंडारित पाए गए।
Black marketing of fertilizers: संयुक्त टीम द्वारा कुल 379 बोरी उर्वरक जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई तक संबंधित व्यक्ति की सुपुर्दगी में रखा गया है। इस कार्रवाई में कृषि विभाग की ओर से अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती अनीता एक्का, सहायक संचालक कृषि अभिषेक झा, उर्वरक निरीक्षक पवन साय भगत, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी रविश गुप्ता एवं कृषि विकास अधिकारी गब्बर सिंह नागवंशी तथा राजस्व विभाग की ओर से राजस्व निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह एवं पटवारी अनुज सिन्हा शामिल रहे।









