Bus Operations Dispute : अंबिकापुर (fourthline) l अंबिकापुर-बलरामपुर मार्ग पर रात्रिकालीन बसों का परिचालन मुख्य मार्ग से न होने को लेकर विवाद जारी है। बस आपरेटरों ने सड़क खराब होने के कारण बसों को वैकल्पिक मार्ग से संचालन शुरू कर दिया। इसका विरोध हो रहा है। प्रशासन सकारात्मक पहल कर बातचीत के जरिए समाधान खोजने का प्रयास कर रहा है ।
युवा कांग्रेस का चक्काजाम स्थगित
अंबिकापुर-बलरामपुर रूट पर रात्रिकालीन बसों का संचालन पहले राजपुर होकर किया जा रहा था, निर्माणाधीन इस राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति खराब होने के कारण बसें वैकल्पिक मार्ग से चलाई जाने लगीं। इससे राजपुर अनुविभाग के एक बड़े हिस्से के यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है । इसे लेकर विवाद चल रहा है। युवा कांग्रेस ने चक्काजाम की चेतावनी दे दी थी। प्रशासन के आश्वासन के बाद आज 22 अक्टूबर को प्रस्तावित चक्का जाम स्थगित कर दिया गया है। फिलहाल समाधान निकालने की पहल हो रही है।
प्रशासन ने दिया समाधान का आश्वासन
गत दिवस एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक के बाद उम्मीद है कि इस विवाद का समाधान शीघ्र निकाल लिया जाएगा।। युवा कांग्रेस नेता राहुल गुप्ता के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी राजपुर को ज्ञापन सौपा गया था। इसमें सभी यात्री बसों का संचालन राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 343 यानी राजपुर से नियमित करने की मांग की गई थी ।प्रशासन की सकारात्मक पहल के बाद चक्काजाम स्थगित किया गया है और अगले कदम का इंतजार किया जा रहा है।

