Kabra Elephant Rescue: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में आतंक का पर्याय बन चुके उत्पाती ‘कबरा’ हाथी को आखिरकार पकड़ लिया गया है। यह हाथी 19 लोगों की जान ले चुका था।पिछले कई दिनों से वन विभाग की टीम इस हाथी को ट्रैंकुलाइज करने के लिए अभियान चला रही थी। प्रशिक्षित कुमकी हाथियों तीरथराम और दुर्योधन की मदद से विशेषज्ञों की टीम उसे पकड़ा। इस हाथी के पकड़े जाने से वन विभाग ने राहत की सांस ली है।
दलों से अलग-थलग कबरा हाथी रहता था
कबरा हाथी को पकड़ने के लिए उदयपुर वन परिक्षेत्र के चकेरी, तेंदुटिकरा और आसपास के जंगलों में अभियान चलाया गया। इस दौरान जंगल में हाथियों के दो अलग-अलग दल दिखाई दिए थे। एक दल में पांच और दूसरे में 13 हाथी थे। हालांकि, शुरुआत में पांच हाथियों वाले दल में कबरा हाथी नजर नहीं आया था। इसके बाद विशेषज्ञों की टीम ने उसकी लोकेशन के आधार पर तलाश तेज की।
पकड़ने के लिए 6 दिन चला अभियान
कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज करने के लिए वन विभाग की टीम पिछले 6 दिनों से लगातार प्रयास कर रही थी। सोमवार को भी विशेषज्ञों की टीम ने करीब दो घंटे तक जंगल में उसकी तलाश की, लेकिन हाथी का पता नहीं चलने के कारण टीम को वापस लौटना पड़ा था। इस दौरान पेंडरखी-चकेरी मार्ग को एहतियातन बंद रखा गया था। हाथी की मौजूदगी और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन अमले ने आसपास के इलाकों में निगरानी रखी।
कुमकी हाथियों तीरथराम और दुर्योधन की अहम भूमिका
कबरा हाथी को पकड़ने के अभियान में प्रशिक्षित कुमकी हाथियों तीरथराम और दुर्योधन को लगाया गया था। इनके साथ वन्यजीव विशेषज्ञों और पशु चिकित्सकों की टीम भी जंगल में मौजूद थी। हाथी की लोकेशन ट्रेस करने और उसे सुरक्षित तरीके से ट्रैंकुलाइज करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। कबरा हाथी और अन्य हाथियों के लगातार विचरण से उदयपुर वन परिक्षेत्र के आसपास के गांवों में दहशत का माहौल था। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए सरमा, बासेन, चकेरी सहित आसपास के गांवों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी। कबरा हाथी के पकड़े जाने ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है।



