National Cultural Festival : बिलासपुर। संस्कृति फाउंडेशन के तत्वावधान में 19 से 26 जुलाई तक बिलासपुर में राष्ट्रीय स्तर के मेगा सांस्कृतिक आयोजन “हमर छत्तीसगढ़ – द कल्चर ऑफ आर्ट” का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं कोरियोग्राफर रूपेश समुंद्रे तथा सचिव प्रियंका तिवारी ने प्रेसवार्ता में दी।
National Cultural Festival : संस्कृति फाउंडेशन के बैनर तले यह पहला बड़ा आयोजन होगा। इससे पूर्व वर्ष 2018 से इसी तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम “डी फॉर डांस” के माध्यम से आयोजित किए जाते रहे हैं। संस्था के पंजीयन के बाद अब इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर का स्वरूप दिया गया है। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता ऑल इंडिया स्तर पर आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से प्रतिभागी पंजीयन करा रहे हैं। अब तक 200 से 300 प्रतिभागियों का पंजीयन हो चुका है, जबकि 4 से 5 हजार प्रतिभागियों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।

National Cultural Festival : महोत्सव के दौरान डांस, सिंगिंग, मॉडलिंग, मेहंदी, रंगोली, फैंसी ड्रेस सहित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। टीवी इंडस्ट्री से जुड़े सेलिब्रिटी कलाकार निर्णायक के रूप में शामिल होकर प्रतिभागियों का मूल्यांकन करेंगे। विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को कुल लगभग 5 लाख रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
National Cultural Festival : संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए आवास एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। प्रतिभागियों से केवल नाममात्र का पंजीयन शुल्क लिया जाएगा, जबकि रहने और भोजन का पूरा खर्च संस्था वहन करेगी। आयोजकों ने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के उभरते कलाकारों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
National Cultural Festival : दिव्यांग बच्चों के लिए भी विशेष मंच एवं सम्मान की व्यवस्था की गई है तथा उनके लिए प्रवेश शुल्क पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है। संस्कृति फाउंडेशन ने शहरवासियों से इस राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग और सहभागिता की अपील की। प्रेसवार्ता में फाउंडेशन के अध्यक्ष रूपेश समुंद्रे, सचिव प्रियंका तिवारी, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर साक्षी तिवारी एवं सोशल मीडिया हैंडल शिवांश भगत उपस्थित रहे।









