Surajpur district Redcross : सूरजपुर। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की सूरजपुर जिला इकाई के कामकाज को व्यवस्थित करने और सेवा गतिविधियों को गति देने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य शाखा ने तीन अधिकारियों की नियुक्ति की है। इस नियुक्ति से जिले में रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
राज्य शाखा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, माध्यमिक शाला नरेशपुर, विकासखंड सूरजपुर में पदस्थ वरिष्ठ शिक्षक शोमनाथ चौबे को जिला रेडक्रॉस अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी एवं छत्तीसगढ़ शासन के वीर हनुमान सिंह पुरस्कार से सम्मानित पीटीआई शिक्षक मो. गौस बेग और हाई स्कूल लांची, विकासखंड सूरजपुर में पदस्थ शिक्षक सुरविंद कुमार गुर्जर को सहायक जिला रेडक्रॉस अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर एवं जिला शाखा से प्राप्त प्रस्ताव तथा चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल की अनुशंसा पर की गई इन नियुक्तियों के तहत तीनों अधिकारी अपने नियमित शासकीय दायित्वों के साथ रेडक्रॉस के कार्यों का संचालन करेंगे। नई नियुक्तियों से जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों के बेहतर संचालन और सेवा कार्यों के विस्तार की उम्मीद है। रक्तदान, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जागरूकता और आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना जिला इकाई की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

