Sushasan Tihar 2026 : सूरजपुर । सुशासन तिहार के तहत जनपद पंचायत रामानुजनगर के ग्राम रामपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने 66.99 करोड़ रुपये की लागत से 87 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा 116 हितग्राहियों को सहायता राशि और सामग्री वितरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान करने से नई ऊर्जा मिलती है तथा सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
Sushasan Tihar 2026 : मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति शासन के प्रति विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि सूरजपुर उनका 11वां जिला प्रवास है और 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों का दौरा कर योजनाओं की जमीनी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों और लंबित मामलों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा ग्राम पंचायत स्तर पर समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को चरण पादुका योजना के तहत जूते वितरण, किसानों को 3716 करोड़ रुपये बोनस, 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति तथा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से योजना की राशि नियमित मिलने की जानकारी भी ली।
Sushasan Tihar 2026 : उन्होंने कहा कि रामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना, अटल डिजिटल सेवा केंद्र और ई-डिस्ट्रिक्ट प्रणाली के माध्यम से ग्रामीणों को सुविधाएं घर-घर तक पहुंचाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन भी शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, जहां नागरिक टोल फ्री नंबर के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

Sushasan Tihar 2026 : मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 31 जून तक बिजली बिल भुगतान शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़कर ‘जीरो बिजली बिल’ की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि खरीफ सीजन से पहले खाद, बीज, नैनो डीएपी और नैनो यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है।
Sushasan Tihar 2026 : कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री किसान रघुनंदन सिंह के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने हितग्राहियों के साथ सरई पत्ते के दोना-पत्तल में परोसे गए छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। मिट्टी के चूल्हे पर बनी कोयलार भाजी, कोचई पत्ते से बना ईढ़र और आम की चटनी जैसे पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेने के साथ उन्होंने मिट्टी के गिलास में जल ग्रहण कर छत्तीसगढ़ी संस्कृति से अपने जुड़ाव का संदेश दिया।

Sushasan Tihar 2026 : महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंचकर समस्याओं का निराकरण कर रही है, जो संवेदनशील और जनहितैषी शासन का प्रमाण है। विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीणों की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक आसानी से मिल रहा है।
रामपुर क्लस्टर के अंतर्गत रामपुर, पटना, साल्ही, आमगांव, जगरनाथपुर, राजापुर, सेन्दूरी, सागरपुर, चन्दरपुर, वेलसरा, परशुरामपुर, त्रिपुरेश्वरपुर, दवना, पतरापाली, सरईपारा, पम्पानगर, मोहनपुर एवं सूरता सहित 18 ग्रामों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शिविर में शामिल हुए।

Sushasan Tihar 2026 : मुख्यमंत्री ने रामानुजनगर में मिनी स्टेडियम, ग्राम पटना में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन तथा नगरपालिका सूरजपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज की बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा, खेल और तकनीकी सुविधाओं को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखालाल रजवाड़े, भीमसेन अग्रवाल, बाबूलाल अग्रवाल, मुरली मनोहर सोनी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, कलेक्टर रेना जमील, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, डीएफओ डी.पी. साहू, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।










