• अजय गुप्ता
• रोज 250–300 लोगों को मिलता है गरम भोजन
• सेवा के इस अभियान से जुड़ रहे शहर के लोग
सूरजपुर। Social interest: जिला चिकित्सालय में इलाज के लिए दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था अक्सर बड़ी समस्या बन जाती है। ऐसे समय में सूरजपुर का नेचर क्लब पिछले छह वर्षों से हर शाम सैकड़ों जरूरतमंदों को गरम भोजन उपलब्ध कराकर सेवा और मानवता की प्रेरणादायक मिसाल पेश कर रहा है।
Social interest: 10 मार्च 2020 को समाजसेवी रामकृष्ण ओझा, श्रवण जैन, सुरेश अग्रवाल बाबू, गुलशन मोंगिया, ललन सिंह,अशोक उपाध्याय,रविनाथ तिवारी, पंकज गुप्ता की पहल से इस सेवा कार्य की शुरुआत हुई, जो आज एक बड़े अभियान का रूप ले चुका है। शुरुआत में मात्र 5 किलो चावल से भोजन बनाकर मरीजों के परिजनों को परोसा जाता था।
उस समय फाउंडर मेंबरों ने बारी-बारी से एक-एक दिन की जिम्मेदारी लेकर इस सेवा को आगे बढ़ाया।आज हर दिन करीब 250 से 300 लोगों को गरम भोजन कराया जाता है।भोजन में लगभग 35 से 40 किलो चावल, दाल, सब्जी, अचार और मीठा शामिल रहता है। प्रतिदिन शाम 6 से 7 बजे के बीच जिला चिकित्सालय परिसर में मरीजों के परिजनों को यह भोजन सम्मानपूर्वक परोसा जाता है।

Social interest: संस्था की सेवा भावना को देखते हुए अब शहर के लोग भी इससे जुड़ रहे हैं। कई लोग जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, पुण्यतिथि या अन्य शुभ अवसरों पर एक दिन के भोजन की व्यवस्था का सहयोग देकर इस सेवा अभियान में भागीदारी निभा रहे हैं।भोजन सेवा के साथ ही नेचर क्लब द्वारा मरीजों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर, हवादार गद्दा, बेड, बैसाखी जैसी आवश्यक सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। वहीं जिला चिकित्सालय में वाटर कूलर लगवाकर मरीजों और उनके परिजनों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी की गई है।
Social interest: 10 मार्च को नेचर क्लब के सेवा कार्य के 6 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। निस्वार्थ सेवा की भावना से शुरू हुआ यह प्रयास आज सूरजपुर में मानवता और सहयोग की प्रेरणादायक मिसाल बन चुका है।










