Bharat Taxi: नई दिल्ली: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुजरात में ‘भारत टैक्सी’ सेवा की शुरुआत की। यह भारत का पहला ऐसा राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जिसका मालिकाना हक ड्राइवरों के पास होगा। पहले चरण में यह सेवा गुजरात के 14 शहरों में शुरू की गई है। सरकार की योजना है कि जल्द ही इसे पूरे राज्य और आने वाले समय में देश के 500 से अधिक शहरों तक पहुंचाया जाए।
अमित शाह ने कहा कि निजी कैब कंपनियों की मनमानी, ज्यादा किराया और दूसरी समस्याओं को देखते हुए यह नई व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि केवल नया कानून बनाना काफी नहीं था, इसलिए ड्राइवरों के हित में सहकारी मॉडल अपनाया गया।
निजी कंपनियों की लूट खत्म होगी
अमित शाह ने कहा कि जहां-जहां भारत टैक्सी शुरू हुई है, वहां निजी कैब कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए घाटा उठाकर किराया कम कर रही हैं। उनका कहना है कि अगर भारत टैक्सी नहीं रही, तो ये कंपनियां फिर से मनमाना किराया वसूल सकती हैं।
ड्राइवर बनेंगे कैब के मालिक
भारत टैक्सी में सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी, यानी बारिश या व्यस्त समय में भी किराया नहीं बढ़ेगा। यात्री कार, ऑटो और बाइक बुक कर सकेंगे। ड्राइवरों को कमाई के साथ स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा, पेंशन जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। हर 100 रुपये की कमाई में 80 रुपये सीधे ड्राइवर को मिलेंगे, जबकि बाकी राशि प्लेटफॉर्म संचालन और ड्राइवरों के लाभ के लिए उपयोग होगी।









