
Lookout notice against DSP: कटनी । बहुचर्चित जमीन सौदेबाजी मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही निलंबित डीएसपी नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी फरार चल रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए देश छोड़कर विदेश भागने की कोशिश कर सकते हैं।
Lookout notice against DSP: कटनी पुलिस ने संबंधित एजेंसियों को लुकआउट सर्कुलर (LOKOUT CIRCULAR) जारी कराने के लिए पत्र भेजा है। नोटिस जारी होने के बाद किसी भी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट या इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर आरोपियों के पहुंचते ही उन्हें रोका जा सकेगा और पुलिस को तुरंत सूचना मिल जाएगी।
Lookout notice against DSP: कार्रवाई से बचने के लिए निलंबित डीएसपी नेहा पच्चीसिया और क्षितिज राज बारापात्रे ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। हालांकि, अदालत ने मामले की गंभीरता और दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद याचिका को खारिज कर दिया। अदालत से राहत न मिलने के बाद अब पुलिस ने अपनी कार्रवाई को और अधिक तेज कर दिया है और लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
क्या है मामला
नेहा पच्चीसिया पर आरोप है कि हत्या के एक मामले में निर्धारित अवधि में चार्जशीट दाखिल नहीं होने से आरोपी को डिफॉल्ट जमानत का लाभ मिला और इसके बाद जमीन सौदे को लेकर गंभीर आरोप सामने आए। रिपोर्ट में करीब 1.07 करोड़ रुपये की जमीन को कथित तौर पर बेहद कम कीमत पर खरीदे जाने, पद के कथित दुरुपयोग और दबाव जैसे आरोपों का उल्लेख है। मामले में नेहा पच्चीसिया के अलावा क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी के नाम सामने आए हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि ये जांच और अभियोजन पक्ष से जुड़े आरोप हैं; इनका अंतिम न्यायिक निर्धारण अभी होना बाकी है।










