Belsota Nala Bridge Approved : सूरजपुर। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी के प्रयासों से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने जिले के राजापुर से कैलाशपुर मार्ग पर बेलसोता नाला में वृहद पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 3 करोड़ 61 लाख 62 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। पुल निर्माण से दर्जनों गांवों के लोगों को सूरजपुर जिला मुख्यालय और अंबिकापुर स्थित सरगुजा संभाग मुख्यालय तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
Belsota Nala Bridge Approved : वर्तमान में इस मार्ग पर आवागमन के दौरान ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बेलसोता नाला पर पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण होने से लोगों की आवाजाही अधिक सुगम होगी। खासकर बरसात के दिनों में आवागमन की दिक्कतों से राहत मिलने की उम्मीद है। यह निर्माण कार्य ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
सड़क के बाद अब पुल निर्माण को मंजूरी
प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले विधायक भूलन सिंह मरावी के प्रयासों से रामनगर मेन रोड से सरस्वतीपुर सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली थी। अब बेलसोता नाला पर बृहद पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए बजट में राशि स्वीकृत होने से क्षेत्र के विकास को एक और गति मिलने की उम्मीद है। विधायक भूलन सिंह मरावी के प्रयासों से मिली यह स्वीकृति क्षेत्र में आवागमन की व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।अब निर्माण कार्य शुरू होने और समय पर पूरा होने से ग्रामीणों को इसका वास्तविक लाभ मिलने की उम्मीद है।

