Healthcare Honor : सूरजपुर। समाजसेवा के प्रति समर्पण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जनहितकारी पहल के लिए भोला प्रसाद अग्रवाल को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा सम्मानित किया गया। जिला चिकित्सालय में पिछले दिनों आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के कर-कमलों से उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र
भोला प्रसाद अग्रवाल ने गायत्री शक्तिपीठ सूरजपुर में मां भगवती योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र की स्थापना कर लोगों को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से जोड़ने की पहल की है। केंद्र के माध्यम से स्थानीय लोगों को लाभ मिल रहा है। स्वस्थ जीवनशैली, योग और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में उनका यह प्रयास महत्वपूर्ण माना जा रहा है।स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान के साथ ही भोला प्रसाद अग्रवाल विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।
सेवाभाव का सम्मान
जनकल्याण और जरूरतमंदों की सहायता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता समाज के प्रति उनके सेवा भाव को दर्शाती है। रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा मिला यह सम्मान उनके सामाजिक योगदान और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को मिली सराहना है। इस मौके पर विधायक भूलन सिंह मरावी, रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमेन बाबूलाल अग्रवाल भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी उपस्थित रहे।

