• समाज के बौद्धिक और नैतिक उत्थान के लिए गुणवत्तापूर्ण ज्ञान-प्रसार बहुत ज़रूरी ;न्यायमूर्ति वाजपेयी
• राजधानी रायपुर में नये विद्यापीठ के कार्यालय का हुआ शुभारंभ
Vidyapeeth Office Inaugurated : रायपुर। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा, अनुसंधान और ज्ञान-संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कल एक नये विद्यापीठ के कार्यालय का शुभारंभ हुआ।न्यूज़ हब इनसाइट केयर फाउंडेशन (एन. एच. आई. सी. एफ ) की शैक्षणिक एवं शोध इकाई अंतरराष्ट्रीय ज्ञान एवं शोध विद्यापीठ’ का यह नवीन कार्यालय यहाँ मोवा के एकता नगर में खोला गया है । शुभारंभ के सादगीपूर्ण समारोह में सबसे पहले भगवान श्री गणेश और माता सरस्वती की पूजा की गई।
इस अवसर पर विद्यापीठ के कुलाधिपति, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार पाठक ने कहा कि यह संस्थान उच्च स्तरीय शोध, बौद्धिक विकास और अकादमिक उत्कृष्टता के एक प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य करेगा। डॉ. पाठक ने कहा कि ज्ञान और अनुसंधान ही किसी भी समाज और राष्ट्र की वास्तविक प्रगति के आधार स्तंभ हैं ।उन्होंने कहा कि विद्यापीठ का यह रायपुर कार्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शोध के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करेगा ।
नए विद्यापीठ के कुलपति, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व जज, न्यायमूर्ति डॉ. चन्द्रभूषण वाजपेयी ने कहा कि समाज के बौद्धिक और नैतिक उत्थान के लिए गुणवत्तापूर्ण शोध और निष्पक्ष ज्ञान-प्रसार बहुत ज़रूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विद्यापीठ शिक्षाविदों, शोधार्थियों और युवाओं को एक ऐसा प्रतिष्ठित मंच प्रदान करेगा, जो न केवल अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देगा बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति भी नई चेतना जागृत करेगा । पूजा अर्चना के बाद कुलाधिपति डॉ. पाठक और कुलपति, न्यायमूर्ति डॉ. वाजपेयी ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया ।
कार्यक्रम में विद्यापीठ के सम-कुलपति डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव, कुलसचिव पंकज खंडेलवाल,उप-कुलसचिव: विष्णु कुमार तिवारी, वरिष्ठ सलाहकार शिव प्रताप साव तथा मीडिया प्रभारी सुरेश काटेवार और आशीष खंडेलवाल सहित विशेष अतिथि के रूप में स्वराज्य करुण अवनीश साव और अनिरुद्ध सिंह परिहार भी शामिल हुए ।सभी लोगों ने विद्यापीठ के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं ।इस अवसर पर स्वराज्य करुण द्वारा अपने कविता संग्रह ‘दिलवालों का देश कहाँ ‘ और स्वर्गीय मधु धांधी के कविता संग्रह ‘मेरा सागर -तुम्हारी कश्ती ‘ की सौजन्य प्रतियाँ सभी उपस्थित प्रबुद्धजनों को भेंट की गईं ।




