CG Politics : रायपुर । छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा संगठनात्मक स्तर पर मोर्चों के प्रभारियों की नियुक्ति के बाद प्रदेश की
राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव द्वारा सात प्रमुख मोर्चों के प्रभारियों की सूची जारी करने के बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया है।
CG Politics : विवाद का मुख्य केंद्र महिला मोर्चा का प्रभारी एक पुरुष नेता को बनाया जाना है। इस नियुक्ति को लेकर कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर महिला नेतृत्व को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए तीखा तंज कसा है। गौरतलब है कि सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से भाजपा के विविध घटकों के प्रदेश प्रभारियों की आधिकारिक सूची जारी की थी। इस सूची में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग मोर्चों की जिम्मेदारी सौंपी गई। हालांकि, सूची सामने आते ही महिला मोर्चा के प्रभारी पद पर हुए नाम के ऐलान ने सभी का ध्यान खींचा।
CG Politics : पार्टी ने वरिष्ठ नेता सुभाष तिवारी को महिला मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया है, जिस पर अब राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा द्वारा महिला मोर्चा की कमान एक पुरुष नेता को सौंपे जाने के फैसले पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी के सांगठनिक ढांचे और नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह बेहद हैरान करने वाला फैसला है।
CG Politics : कांग्रेस ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या भारतीय जनता पार्टी जैसी बड़ी पार्टी के पास अपनी ही महिला विंग का मार्गदर्शन करने के लिए एक भी सक्षम या योग्य महिला नेता नहीं बची है? किसी महिला को जिम्मेदारी देने के बजाय पुरुष नेता की नियुक्ति करना पार्टी की अंदरूनी स्थिति को दर्शाता है।









