Delimitation and women reservation Bill: नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कैबिनेट ने प्रस्तावित विधायी बदलावों को मंजूरी दे दी है। इसके तहत लोकसभा की कुल सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव है। वहीं, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को अगले 25 साल तक यानी 2051 तक स्थिर रखने की योजना है। सरकार का यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब महिला आरक्षण को लागू करने और परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को लेकर संसद में नई राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है। माना जा रहा है कि इस दौरान संबंधित संविधान संशोधन विधेयक संसद में पेश किया जा सकता है।
लोकसभा की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव
प्रस्तावित फॉर्मूले के मुताबिक, लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जा सकती है। इससे संसद के निचले सदन में सांसदों की संख्या बढ़कर करीब 815 के आसपास पहुंच सकती है। अंतिम संख्या विधेयक के प्रावधानों और सीटों के निर्धारण पर निर्भर करेगी।सरकार की योजना राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को भी सुरक्षित रखने की है। इसके लिए अगले 25 वर्षों तक यानी 2051 तक राज्यों के हिस्से में बड़े बदलाव नहीं करने का प्रस्ताव सामने आया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य दक्षिणी राज्यों की उस चिंता को दूर करना है, जिसमें आशंका जताई जा रही थी कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।
महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता होगा आसान
महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। हालांकि, इसके प्रभावी क्रियान्वयन को जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया है। सरकार अब इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। प्रस्तावित बदलावों के लागू होने से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने का रास्ता खुल सकता है। इससे देश की विधायी संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र, दो-तिहाई बहुमत की चुनौती
केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होनी है। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है।
इस सत्र में सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को आगे बढ़ा सकती है। हालांकि, संविधान संशोधन के लिए संसद के दोनों सदनों में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों का दो-तिहाई बहुमत जरूरी होगा। इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार की ओर से लाया गया संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। इसके बाद संबंधित परिसीमन विधेयक को आगे नहीं बढ़ाया गया था। अब सरकार संशोधित प्रस्ताव के साथ दोबारा समर्थन जुटाने की कोशिश में है।
कांग्रेस, सपा और AAP का विरोध; DMK और BRS की शर्तें
परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच मतभेद बने हुए हैं। कांग्रेस ने सरकार की पहल को संविधान और संघीय व्यवस्था पर हमला बताया है। समाजवादी पार्टी ने भी प्रस्ताव का विरोध किया है।आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी विधेयक का विरोध करते हुए कहा है कि इससे राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन प्रभावित हो सकता है। उन्होंने इसे बीजेपी को चुनावी फायदा पहुंचाने वाला विधेयक करार दिया है।
वहीं, DMK और BRS ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन के संकेत दिए हैं। दक्षिणी राज्यों की ओर से यह मांग उठाई जा रही है कि परिसीमन के बाद भी राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात सुरक्षित रहना चाहिए।
बीजेपी सांसदों को व्हिप जारी करने की तैयारी
संसद के विशेष सत्र को देखते हुए बीजेपी ने अपने लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी करने की तैयारी की है। इसके तहत सांसदों को 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए जा सकते हैं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी सभी सांसदों से संसद की कार्यवाही में सक्रिय और रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संसद का सत्र सुचारू रूप से चलाना सभी सांसदों की जिम्मेदारी है। अब सबकी नजर संसद के विशेष सत्र और सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले विधेयक के अंतिम प्रारूप पर है। सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती दोनों सदनों में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल करना होगी।



