TI Suspended: रायपुर। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव के नाम पर एक कांग्रेसी नेता से फिरौती मांगने के मामले में फरार कारोबारी शोएब ढेबर से नजदीकी के आरोप में नारायणपुर में पदस्थ TI विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नर की जांच रिपोर्ट के आधार पर बस्तर रेंज IG बीएन मीणा ने मंगलवार को निलंबन का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर रहेगा।
शोएब ढेबर किस मामले और क्यों फरार
शोएब ढेबर पर आरोप है कि उसने एक कांग्रेसी नेता को लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव जैसे बड़े गैंगस्टरों के नाम पर धमकाया और फिरौती मांगी। तेलीबांधा थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज है। उसकी तलाश के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। पुलिस ने उस पर 15 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। एक तरफ पुलिस उसे ढूंढ रही थी, दूसरी तरफ आरोप है कि TI उसे गिरफ्तारी से बचने में मदद कर रहा था।
होटल में शराब पार्टी के वीडियो से खुला राज
इस मामले में FIR दर्ज होने के बाद कि एक वीडियो सामने आया है जिसके आधार पर बताया जा रहा है कि TI विनीत दुबे, फरार आरोपी थशोएब के साथ एक होटल में शराब पार्टी करते, नजर आ रहे हैं। इसमें क्राइम ब्रांच के सिपाही शिवम द्विवेदी और राहुल गौतम भी साथ थे।
जिस आरोपी को पकड़ने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी है, जिस पर इनाम घोषित है, उसी के साथ थाने का प्रभारी होटल में बैठकर जाम छलका रहा है। दोनों सिपाहियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। अब TI पर भी गाज गिरी है।
तेलीबांधा थाने में रहते संदिग्ध आचरण
तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 की जांच के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे का आचरण संदिग्ध पाया गया था। फरार चल रहे आरोपी शोएब ढेबर से उनकी कथित नजदीकी की बातें सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया। रायपुर पुलिस कमिश्नर के प्रतिवेदन पर संज्ञान लेते हुए बस्तर आईजी ने टीवी कोतत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
लीक हो गया था गिरफ्तारी का प्लान
गौरतलब है कि आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी का प्लान लीक होने का मामला पहले भी सामने आ चुका है। पुलिस टीम द्वारा खम्हारडीह क्षेत्र में दबिश दिए जाने से ठीक पहले ही आरोपी को भनक लग गई थी और वह मौके से निकल भागा था। प्लान लीक करने के मामले में विभाग पहले भी सख्त कदम उठा चुका है। इसमें पूर्व एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के दो आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को सूचना लीक करने के आरोप में निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक के निलंबन का आदेश जारी हुआ है।



