Lifeline express : सूरजपुर। इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस का शुभारंभ रविवार को बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-02 पर हुआ। सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने फीता काटकर चलते-फिरते अस्पताल का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

Lifeline express :  जिले में लाइफलाइन एक्सप्रेस का यह चौथा आगमन है। 16 अगस्त से 05 सितंबर तक चलने वाले 21 दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में प्रतिदिन सुबह 9 से शाम 4 बजे तक ओपीडी संचालित होगी। मरीजों की जांच, उपचार और आवश्यक शल्य चिकित्सा नि:शुल्क की जाएगी।

Lifeline express : उद्घाटन के बाद अतिथियों ने ट्रेन के विभिन्न कोचों का अवलोकन किया और ऑपरेशन थिएटर, रिकवरी रूम तथा पंजीयन काउंटर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर रेना जमील ने अधिकारियों को मरीजों के आवागमन, बैठने, पंजीयन, साफ-सफाई और बारिश के दौरान जलजमाव रोकने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि लाइफलाइन एक्सप्रेस जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान है। उन्होंने महिलाओं से स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की नि:शुल्क जांच कराने की अपील की।

Lifeline express : सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि यह ट्रेन केवल अस्पताल नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए जीवन रेखा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं से पात्र मरीजों को शिविर तक पहुंचाने में सहयोग का आह्वान किया।

Lifeline express : इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की मैनेजिंग ट्रस्टी प्रो. डॉ. रोहिणी वी. चौगुले ने बताया कि लाइफलाइन एक्सप्रेस की शुरुआत वर्ष 1991 में हुई थी और अब तक देश के दूरस्थ क्षेत्रों में लाखों लोगों को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा चुका है। ट्रेन में अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी ऑपरेशन थिएटर सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम मौजूद है।

कार्यक्रम में बाबूलाल अग्रवाल, निर्मला यादव, रितेश जायसवाल, राजेश्वर तिवारी, दीपेंद्र सिंह चौहान, कलेक्टर रेना जमील, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, एसडीएम शिवानी जायसवाल, इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन के सीनियर ऑपरेशन्स ऑफिसर डॉ. मनोहर रेड्डी, योगेश कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में मरीज उपस्थित रहे।

पहले  ही दिन उमड़ी मरीजों की भीड
शुभारंभ के साथ ही पंजीयन काउंटर पर मरीजों की लंबी कतार लग गई। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने आंख, कान, हड्डी, दांत और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कराई। पहले ही दिन कुल 866 मरीजों ने पंजीयन कराया। लंबे समय से आर्थिक कारणों से उपचार से वंचित लोगों ने नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा को बड़ी राहत बताया।

*अलग-अलग तिथियों में मिलेगी उपचार सुविधा..*
आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद सर्जरी के लिए ओपीडी 16 से 21 अगस्त और ऑपरेशन 17 से 22 अगस्त तक होंगे। कान की जांच 22 से 27 अगस्त तथा सर्जरी 23 से 28 अगस्त तक होगी। प्लास्टिक सर्जरी के लिए जांच 28 से 31 अगस्त और सर्जरी 29 अगस्त से 01 सितंबर तक होगी। दांतों की जांच व उपचार 01 से 05 सितंबर तथा स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच 16 से 21 अगस्त तक होगी।अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7039673973 पर संपर्क किया जा सकता है।

Previous articleBihar Police action in Korba : नालंदा डकैती कांड के आरोपी छिपे थे कोरबा में,  बिहार पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर पकड़ा
Next articleNag Panchami 2026 : कालसर्प दोष से जुड़ी परेशानियों के लिए करें ये 5 आसान उपाय, भोलेनाथ की मिलेगी कृपा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here