
Bilaspur News : । बिलासपुर। नागरिक सुरक्षा मंच ने अरपा पार को अलग नगर निगम बनाने की मांग को लेकर 1 सितम्बर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की घोषणा की है। मंच ने साफ किया है कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरोध में नहीं होगा, बल्कि अरपा पार की जनता के अधिकार, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए होगा।
Bilaspur News : नागरिक सुरक्षा मंच के संस्थापक अमित तिवारी ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वर्ष 2023 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी एवं वर्तमान बिलासपुर नगर विधायक द्वारा बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए जारी 23 सूत्रीय स्थानीय जन घोषणा पत्र में अरपा पार क्षेत्र के लिए अलग नगर निगम बनाने का वादा किया गया था।
Bilaspur News : उन्होंने कहा कि यह वादा केवल एक राजनीतिक घोषणा नहीं, बल्कि अरपा पार की उस जनता की वर्षों पुरानी आवश्यकता से जुड़ा हुआ था, जो आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। नगर निगम के लगातार विस्तार के बावजूद अरपा पार क्षेत्र के नागरिक साफ-सफाई, पेयजल, जलभराव, सड़क, नाली, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं। लगभग तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अलग नगर निगम के गठन की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। इससे क्षेत्र की जनता में निराशा, पीड़ा और आक्रोश स्वाभाविक रूप से बढ़ रहा है।
इसी जनभावना और जनहित को देखते हुए नागरिक सुरक्षा मंच ने निर्णय लिया है कि अरपा पार को अलग नगर निगम बनाने की मांग को लेकर एक सितंबर 2026 से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल प्रारंभ की जाएगी। यह आंदोलन किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरोध के लिए नहीं, बल्कि अरपा पार की जनता के अधिकार, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए है।
यदि अरपा पार क्षेत्र के लिए अलग नगर निगम बनाने के वादे को जमीन पर उतारने की दिशा में ठोस पहल की जाए। हम नगर विधायक एवम् पूर्व मंत्री से भी अपेक्षा करते हैं कि वे अरपा पार की जनता की आवाज बनकर सरकार के समक्ष इस मांग को मजबूती से रखें और आंदोलन में सहयोग एवं सहभागिता करते हुए जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा कराने की दिशा में निर्णायक पहल करें।
अमित तिवारी ने कहा कि वर्तमान में अरपा पार क्षेत्र नगर निगम के 22 वार्डों में फैला हुआ है। आबादी और क्षेत्रफल के लगातार विस्तार के साथ यहां शहरी सुविधाओं और विकास कार्यों की जरूरत भी बढ़ रही है। ऐसे में अरपा पार क्षेत्र के लिए अलग नगर निगम का गठन समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अलग नगर निगम बनने से क्षेत्र में विकास कार्यों की बेहतर योजना बन सकेगी और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में प्रशासनिक सुविधा होगी।
अमित तिवारी ने बताया, पृथक नगर निगम की मांग को लेकर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन के बाद केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखकर अरपा पार क्षेत्र को अलग नगर निगम बनाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई और निराकरण करने को कहा गया है। इसके बावजूद अब तक मांग पर ठोस निर्णय नहीं होने से नागरिक सुरक्षा मंच ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।










