IGKV Paper Leak: रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में लगातार तीन प्रश्नपत्र लीक होने के बाद स्थगित की गई परीक्षाएं अब 7, 8 और 9 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएंगी। पेपर लीक की घटनाओं के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब कॉलेजों को प्रश्नपत्र सीलबंद पैकेट में भेजने के बजाय पासवर्ड प्रोटेक्टेड ई-मेल के माध्यम से भेजे जाएंगे।
IGKV Paper Leak: विश्वविद्यालय की नई व्यवस्था के तहत परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले ही संबंधित कॉलेज प्रबंधन को प्रश्नपत्र खोलने का पासवर्ड दिया जाएगा। इससे पहले ई-मेल में भेजे गए प्रश्नपत्र को खोला नहीं जा सकेगा। प्रश्नपत्र खोलने की पूरी प्रक्रिया एक अधिकृत कमेटी की मौजूदगी में कराई जाएगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी अनिवार्य की गई है।
कल से दोबारा परीक्षा
पेपर लीक के कारण जिन तीन परीक्षाओं को स्थगित किया गया था, उनकी नई तारीखें विश्वविद्यालय ने तय कर दी हैं। तीनों परीक्षाएं क्रमश: 7, 8 और 9 सितंबर को आयोजित होंगी। कॉलेजों को प्रश्नपत्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत ई-मेल से उपलब्ध कराए जाएंगे। नई व्यवस्था का उद्देश्य प्रश्नपत्रों को परीक्षा शुरू होने से पहले लीक होने की आशंका को कम करना है। पासवर्ड अंतिम समय में जारी होने से प्रश्नपत्र तक अनधिकृत पहुंच रोकने की कोशिश की गई है।
तीन विषयों के पेपर हुए थे लीक
पेपर लीक का मामला पिछले महीने दुर्ग स्थित निजी कॉलेज भारतीय कॉलेज से सामने आया था। सबसे पहले बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी विषय का प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद मामले की जांच आगे बढ़ी तो दो और प्रश्नपत्रों के लीक होने का खुलासा हुआ। इनमें बीएससी प्रथम वर्ष के प्लांट पैथोलॉजी और प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर के फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स के प्रश्नपत्र शामिल थे। तीनों प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही वाट्सऐप पर वायरल हो गए थे। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को तीनों परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ी थीं।









