Rs 4 crore cash in pickup : दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वाहनों की जांच के दौरान एक पिकअप से 4 करोड़ कैश बरामद किया गया। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास रायपुर से नागपुर जा रहे इस पिकअप से यह रकम बरामद की गई। पुलिस पिकअप में सवार दो लोगों से रकम के स्रोत के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना
पुलिस को 26 अक्टूबर की रात को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन में भारी मात्रा में कैश ले जाया जा रहा है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में डबरापारा के पास वाहन चेकिंग शुरू की गई। रात करीब 11 बजे पुलिस टीम ने सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप (CG 04 QU 5996) को रोककर जांच की। बताया गया है कि वाहन रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। पुलिस को वाहन में गुप्त चेंबर मिला जो नोटों से भरा हुआ था। । पुलिस ने बरामद कैश की कुल रकम 4 करोड़ रुपये बताई है।
रकम के स्रोत की चल रही जांच
पुलिस पिकअप चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और साथ में सवार विष्णुदेव दुबे से बरामद रकम के वास्तविक मालिक, पैसे के स्रोत और इसे रायपुर से नागपुर ले जाने के उद्देश्य के बारे में पूछताछ की जा रही है। बरामद नकदी के वित्तीय स्रोत और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना भेजी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि 4 करोड़ रुपये किसके हैं और इन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। जांच पूरी होने के बाद ही रकम से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

