CG Weather update : अंबिकापुर (fourthline) l सरगुजा संभाग में गुलाबी ठंड की दस्तक शुरू हो गई हैl आज अंबिकापुर में सुबह कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गयाl आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। दिन में धूप खिली रहती है, लेकिन आसमान पर धुंध छाई रहती है ।
पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडी हवाएं
अंबिकापुर का एक्यूआई वर्तमान में मॉडरेट श्रेणी में है, लेकिन संवेदनशील लोगों के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है । रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे गिरने की संभावना है । सरगुजा संभाग में सबसे पहले ठंड का असर शुरू होता है। इस बीच मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मैनपाट में ठंडी हवाएं चलने लगी हैं । वर्तमान में मौसम पूरी तरह शुष्क है, लेकिन रात में ठंड का असर देखा जा रहा है।
बारिश होने की संभावना
उधर बंगाल की खाड़ी में बदलती मौसम प्रणालियों के असर से सरगुजा में छिटपुट बूंदाबांदी होने की भी संभावना व्यक्त की जा रही है। अगले हफ्ते मौसम में अचानक बदल सकता है। पूरे संभाग में बारिश हो सकती है। दिवाली के आसपास ऐसा बदलाव यहां यदा-कदा पहले भी देखा गया है। इसके बाद ठंड का असर और बढ़ सकता है।
क्लाइमेट चेंज का असर
सरगुजा संभाग में विदाई बेला में मानसून काफी मेहरबान था। आखिरी दिनों में हुई बारिश का ही असर है अक्टूबर माह में ही लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ गई है। वैसे भी सरगुजा छत्तीसगढ़ का अपेक्षाकृत सबसे ठंडे इलाके के रूप में जाना जाता रहा है, लेकिन कुछ वर्षों में यहां के मौसम में काफी बदलाव आया है। गर्मी के दिनों यहां भी तेज गर्मी पड़ने लगी है। मौसम वैज्ञानिक इस क्लाइमेट चेंज को गंभीर मानते हैं और पर्यावरण संरक्षण के उपायों पर जोर देते आ रहे हैं।

