CG paddy purchase : रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए आज मंगलवार, 10 नवंबर से टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य में 15 नवंबर से धान की खरीदी शुरू होनी है, लेकिन टोकन की व्यवस्था आज से ही लागू कर दी गई है ताकि आखिरी समय में केंद्रों पर भीड़ न लगे और किसान आराम से अपनी तारीख चुन सकें।
राज्य में 27.50 किसान
इस बार सरकार ने खरीदी की व्यवस्था को पहले से बड़ा कर दिया है। प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्रों को मिलाकर कुल 3,100 केंद्रों पर धान खरीदी होगी। राज्य में 27.50 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदने की तैयारी है। केंद्रों पर बारदाने, तौल कांटा, पानी, छाया और बैठने की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का दावा है कि इस बार खरीदी के साथ-साथ धान के सुरक्षित रखरखाव, उठाव और परिवहन पर भी खास ध्यान दिया जाएगा ताकि केंद्रों पर धान सड़ने या भीगने की शिकायत न आए।
मोबाइल ऐप से घर बैठे टोकन
इस बार किसानों को केंद्र पर लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। धान खरीदी के लिए तुंहर टोकन मोबाइल ऐप की सुविधा दी गई है। किसान घर बैठे अपने मोबाइल से ही टोकन बुक कर सकेंगे। ऐप में अपना पंजीयन नंबर और जरूरी जानकारी डालनी होगी। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से पहचान का सत्यापन होगा। सत्यापन पूरा होते ही किसान अपनी पात्रता और खाली स्लॉट के हिसाब से धान बेचने की तारीख चुन सकेंगे। टोकन बुक होते ही उसकी जानकारी मोबाइल पर ही मिल जाएगी।
किसको कितने टोकन
टोकन की व्यवस्था किसानों के पंजीकृत कृषि रकबे के हिसाब से तय की गई है। दो एकड़ तक जमीन वाले किसानों को अधिकतम एक टोकन मिलेगा। दो एकड़ से ज्यादा और दस एकड़ तक जमीन वालों को अधिकतम दो टोकन दिए जाएंगे। वहीं दस एकड़ से ज्यादा जमीन वाले बड़े किसानों को अधिकतम तीन टोकन मिलेंगे। जिन किसानों को एक से ज्यादा टोकन की पात्रता है, वे अलग-अलग तारीखों पर धान बेच सकेंगे। किसान को अपनी पात्र मात्रा के हिसाब से ही धान लेकर जाना होगा, ज्यादा धान लाने पर केंद्र पर लौटाया जा सकता है।
70 प्रतिशत ऑनलाइन, 30 प्रतिशत समिति से
केंद्र की दैनिक खरीदी क्षमता के हिसाब से टोकन का बंटवारा किया गया है। कुल टोकन का 70 प्रतिशत मोबाइल ऐप से और 30 प्रतिशत सहकारी समिति स्तर पर जारी किया जाएगा। ऑनलाइन टोकन में भी लघु और सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी गई है। ऑनलाइन कोटे में 80 प्रतिशत हिस्सा छोटे किसानों के लिए और 20 प्रतिशत हिस्सा बड़े किसानों के लिए रखा गया है। इससे छोटे किसानों को टोकन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा
समिति सेजाकर भी ले सकेंगे टोकन
जिन किसानों को मोबाइल ऐप चलाने में दिक्कत होती है, उनके लिए समिति स्तर पर भी व्यवस्था रखी गई है। ऐसे किसान अपनी संबंधित सहकारी समिति में जाकर टोकन ले सकते हैं। समिति में पंजीयन की स्थिति, रकबा और टोकन की जानकारी मिल जाएगी। यानी कोई भी किसान सिर्फ इसलिए टोकन से वंचित नहीं रहेगा कि उसे मोबाइल चलाना नहीं आता।वे
3100 रूपए प्रति क्विंटल धान
प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। राज्य सरकार की ओर से धान के लिए 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की कुल दर घोषित की गई है। किसानों को यह ध्यान रखना होगा कि केंद्रीय न्यूनतम समर्थन मूल्य और राज्य की घोषित कुल दर में अंतर है। दोनों के भुगतान की प्रक्रिया सरकारी आदेश के अनुसार ही होगी। इसलिए टोकन लेने से पहले अपनी पात्र मात्रा और भुगतान की प्रक्रिया जरूर समझ लें।




