Chhattisgarh Rojgar Mela 2026: रायपुर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अक्टूबर का पहला हफ्ता खास होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित करने जा रही है। सरकार के मुताबिक, मेले के जरिए करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। यह रोजगार मेला रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में लगेगा। अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्त पदों की जानकारी सरकार को मिल चुकी है। अन्य कंपनियों से भी बातचीत जारी है, इसलिए रिक्तियों की संख्या बढ़ सकती है।
Chhattisgarh Rojgar Mela 2026: छत्तीसगढ़ में 10 हजार नौकरियों का मौका, रायपुर में 7-8 अक्टूबर को रोजगार मेला खास बात यह है कि रोजगार मेले में केवल इंजीनियरिंग या उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए ही अवसर नहीं हैं। 10वीं-12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक, एमबीए और एमसीए सहित अलग-अलग योग्यता वाले अभ्यर्थी अपनी पात्रता के अनुसार नौकरी के लिए आवेदन कर सकेंगे। 7-8 अक्टूबर को लगेगा रोजगार मेला कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस मेले का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के मुताबिक निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
8 अक्टूबर को मिलेंगे ऑफर लेटर
रोजगार मेले के दूसरे दिन यानी 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप अवसर दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
10वीं-12वीं से लेकर इंजीनियरिंग और MBA तक के लिए अवसर
इस रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी कौशल वाले युवाओं के लिए पद उपलब्ध हैं। 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों के अलावा आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग बैंकिंग, फाइनेंस और एचआर से जुड़े पदों पर भी भर्ती के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्वास्थ्य एवं देखभाल के क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ और केयरटेकर के पद हैं। सुरक्षा सेवाओं में गार्ड और सुपरवाइजर की जरूरत है। वहीं परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े कामों में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे पद भी शामिल हैं। युवा अपनी योग्यता, रुचि और संबंधित पद की पात्रता देखकर आवेदन कर सकते हैं।
ये कंपनियां लेंगी हिस्सा
रोजगार मेले के लिए अब तक जिन कंपनियों और संस्थाओं की ओर से रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं, उनमें क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक शामिल हैं। इसके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉरपोरेट जैसी कंपनियां और संस्थाएं हिस्सा लेंगी।
घर बैठे ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
रोजगार मेले की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ई-रोजगार पोर्टल का इस्तेमाल किया जा रहा है। कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से प्राप्त रिक्तियां पोर्टल पर प्रदर्शित की जा रही हैं। इच्छुक युवा www.erojgar.cg.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। पोर्टल पर घर बैठे उपलब्ध पदों की जानकारी देखी जा सकती है और अपनी पात्रता के मुताबिक आवेदन किया जा सकता है। इसका फायदा यह होगा कि अभ्यर्थी रोजगार मेले में पहुंचने से पहले ही अलग-अलग कंपनियों, पदों और अपनी पात्रता के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे। नियोजकों को भी पोर्टल पर अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देखने की सुविधा मिलेगी। इसके आधार पर कंपनियां जरूरत के अनुसार उम्मीदवारों की सूची तैयार कर प्रारंभिक चयन प्रक्रिया कर सकती हैं।
पिछले दो साल में 9,463 अभ्यर्थियों का चयन
रोजगार विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य और जिला स्तरीय रोजगार मेलों तथा प्लेसमेंट कैंप के जरिए कुल 9,463 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। वित्त वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, दुर्ग तथा बिलासपुर में आयोजित रोजगार मेलों के जरिए 5,314 अभ्यर्थी चयनित हुए थे। शहर खोजें वहीं 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, बलौदाबाजार तथा दुर्ग में आयोजित रोजगार मेलों के जरिए 4,149 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। वित्त वर्ष 2026 में सितंबर तक राज्य में 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेलों का आयोजन हो चुका है। इनमें 8,878 अभ्यर्थियों के चयन की जानकारी दी गई है। ऐसे में 7-8 अक्टूबर को रायपुर में होने वाला राज्यस्तरीय रोजगार मेला उन युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर हो सकता है, जो निजी क्षेत्र में अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी की तलाश कर रहे हैं।

