Cyclone Murasu: नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान मुरासु सक्रिय हो गया है। इसके असर से दक्षिण और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान 2 नवंबर तक प्रचंड चक्रवाती रूप ले सकता है। इसका असर आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और ओडिशा समेत कई राज्यों में दिखाई देगा।
आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा
मौसम विभाग के अनुसार, मुरासु तूफान पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके 2 नवंबर की आधी रात से 3 नवंबर के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ में 3 – 4 नवंबर को भारी बारिश
तूफान का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 3 और 4 नवंबर को राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 1 और 2 नवंबर तथा 5 से 7 नवंबर के बीच भी कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश, विदर्भ में भी बारिश का अलर्ट
मध्य भारत में पश्चिमी मध्य प्रदेश में 3 से 5 नवंबर और पूर्वी मध्य प्रदेश में 1 से 5 नवंबर तक बारिश हो सकती है। विदर्भ में 2 से 5 नवंबर के बीच बारिश का अनुमान है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
ओडिशा, झारखंड और बंगाल में भी असर
पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। ओडिशा में 2 से 4 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। दक्षिणी ओडिशा में 3 और 4 नवंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 1 से 4 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है। बिहार में 1 और 2 नवंबर को बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में भी बरसेंगे बादल
तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और लक्षद्वीप में भी अलग-अलग दिनों में बारिश का अलर्ट है। वहीं, उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 1 और 2 नवंबर को बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी इन दो दिनों में बारिश का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है।

