• नगरपालिका की सराहनीय पहल
Gifts for Swachhata Didis : सूरजपुर। दीपावली के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद सूरजपुर ने स्वच्छता दीदियों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर विशेष पहल की। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े एवं उपाध्यक्ष शैलेश गोयल ने स्वच्छता दीदियों को सुरक्षा यूनिफॉर्म वितरित कर दीपावली का उपहार दिया।
दीदियों का सम्मान, सुरक्षा हमारी प्राथमिकता

नगर पालिका कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने स्वच्छता दीदियों को यूनिफॉर्म प्रदान की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में स्वच्छता दीदियों का योगदान महत्वपूर्ण है। वे नियमित रूप से मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करती हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान का ध्यान रखना भी नगर पालिका की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर पार्षद मुकेश गर्ग, पार्षद प्रमोद तायल, एल्डरमैन संजय केजरीवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष कुमार, उप अभियंता रंजीत बरवा, पीआईयू अजय वर्मा सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
दीपावली पर मिली इस सौगात से स्वच्छता दीदियों में उत्साह देखने को मिला। नगर पालिका की इस पहल ने स्वच्छता कार्य में जुटी महिलाओं के प्रति सम्मान और उनकी सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।



