Health services: सूरजपुर। जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और अस्पताल की व्यवस्थाओं में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जीवनदीप समिति में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी समेत आठ नए सदस्यों को मनोनीत किया गया है। प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल के मार्गदर्शन में किए गए इस मनोनयन से अस्पताल की सुविधाओं के विकास और मरीजों की समस्याओं के निराकरण में सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Health services: सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ.अजय मरकाम ने बताया कि जीवनदीप समिति के माध्यम से अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के विकास, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं में सुधार तथा जनसहयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाती हैं। नए सदस्यों के शामिल होने से समिति के कार्यों को गति मिलेगी और मरीजों एवं उनके परिजनों की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझकर समस्याओं के निराकरण की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जा सकेंगे।
समिति में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, उन्नत कृषक ठाकुर प्रसाद राजवाड़े, समाजसेवी शशिकांत गर्ग, संदीप अग्रवाल, राजेश्वर तिवारी,पूर्व सरपंच संत सिंह, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता तथा महिला सदस्य श्रीमती देववंती साहू को मनोनीत किया गया है। जीवनदीप समिति में जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से अस्पताल की जरूरतों को सामने लाने, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने जनसहयोग और जनभागीदारी के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में प्रयास जारी रखने की बात कही है।

