Patna Coaching Center case : पटना। बिहार की राजधानी पटना के चर्चित कोचिंग संस्थान विवाद से जुड़ा एक बेहद सनसनीखेज और बड़ा मामला सामने आया है। मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हिंसक बवाल मामले में फरार चल रहे आरोपी और ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के सगे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस बड़ी वारदात के बाद पटना में दोबारा तनाव और बवाल होने की आशंका को देखते हुए पीरबहोर और कदमकुआं जैसे संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।
Patna Coaching Center case : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, खान सर की कोचिंग पर पिछले दिनों हुए पथराव और हंगामे के बाद से ही पुलिस लगातार उपद्रवियों और साजिशकर्ताओं की तलाश में छापेमारी कर रही थी. कानूनी कार्रवाई और पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले का रहने वाला प्रिंस यादव चुपके से सीमा पार कर नेपाल भाग गया था। वह नेपाल के एक स्थानीय गेस्ट हाउस में कमरा लेकर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने उसी गेस्ट हाउस के कमरे के अंदर घुसकर प्रिंस को बेहद करीब से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खान सर समेत कई बड़े नाम हैं केस में आरोपी
पटना के दो बड़े कोचिंग सेंटर्स के बीच का यह आपसी विवाद अब एक खूनी खेल में बदल चुका है. इस पूरे मामले की शुरुआत बीते 2 जून की रात को हुई थी, जब मुसल्लहपुर हाट इलाके में जमकर तोड़फोड़ और हंगामा हुआ था. इस उपद्रव के आरोप में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद और उनके दो मुख्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था। वहीं दूसरी तरफ, इस केस में खान ग्लोबल स्टडीज के मशहूर डायरेक्टर फैजल खान उर्फ खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके साथ ही कोचिंग के दो सुरक्षाकर्मियों यानी गार्ड्स को भी पुलिस ने जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।
अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच
नेपाल में हुई इस हत्या के बाद बिहार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि वे नेपाल पुलिस के संपर्क में हैं और इस बात की बारीकी से जांच की जा रही है कि प्रिंस यादव की हत्या किन परिस्थितियों में हुई, नेपाल में उसके साथ कौन-कौन लोग ठहरे हुए थे और इस हत्याकांड के तार पटना के कोचिंग विवाद से किस तरह जुड़े हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या यह दो गुटों की आपसी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।










