
Statue of Sukhdev Raj unveiled : दुर्ग। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ की दुर्ग जिला इकाई द्वारा देशप्रेम, सामाजिक समरसता और राष्ट्रनायकों के सम्मान की दिशा में एक अनुकरणीय पहल करते हुए महान क्रांतिकारी सुखदेव राज की प्रतिमा शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्ग के परिसर में स्थापित की गई।
Statue of Sukhdev Raj unveiled : महान क्रांतिकारी शिवराम राजगुरु की जयंती के अवसर पर कल सोमवार 24 अगस्त को जिला मुख्यालय दुर्ग में आयोजित भव्य समारोह में प्रतिमा का अनावरण छत्तीसगढ़ सरकार के स्कूल शिक्षा मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने किया। सुखदेव राज भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के निकटतम सहयोगी थे। सुखदेव राज ने अपने जीवन का अंतिम समय छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में समाज सेवा करते हुए और कुष्ठ पीड़ितों की सेवा करते हुए बिताया था ।
Statue of Sukhdev Raj unveiled : अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ जिला दुर्ग द्वारा किए गए इस महत्वपूर्ण कार्य की सराहना की। उन्होंने क्रांतिकारी सुखदेव राज के जीवन को प्रेरणादायी बताते हुए समाज सेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों की स्मृति को जीवंत रखना समाज की जिम्मेदारी है और विद्यालय परिसर में स्थापित प्रतिमा विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम एवं समाजसेवा की प्रेरणा देगी। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने इस मांग पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया। वहीं प्रतिमा की सुरक्षा एवं संरक्षण के संबंध में ध्यान आकर्षित किए जाने पर उन्होंने प्रतिमा स्थल पर शेड निर्माण कराने की घोषणा भी की।
Statue of Sukhdev Raj unveiled : प्रतिमा अनावरण समारोह में दुर्ग के लोकसभा सांसद विजय बघेल, अहिवारा के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, दुर्ग नगर निगम की महापौर श्रीमती अलका बाघमार तथा भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री वीरेन्द्र नामदेव सहित बड़ी संख्या में नागरिक और पेंशनर्स महासंघ के अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।
Statue of Sukhdev Raj unveiled : कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्कूल शिक्षा गजेंद्र यादव ने रिमोट कंट्रोल का बटन दबाकर क्रांतिकारी सुखदेव राज की प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा के अनावरण के साथ ही उपस्थित लोगों ने महान क्रांतिकारी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।इस अवसर पर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री वीरेन्द्र नामदेव ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपकर महान क्रांतिकारी सुखदेव राज की जीवनगाथा और राष्ट्र तथा समाजसेवा के उनके कार्यों को राज्य के स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग रखी।श्री नामदेव ने कहा कि सुखदेव राज का जीवन त्याग, संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और समाजसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है । नई पीढ़ी को ऐसी महान विभूतियों के जीवन से परिचित कराना आवश्यक है।
Statue of Sukhdev Raj unveiled : समाराेह में दुर्ग के लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि सुखदेव राज आचार्य विनोबा भावे के भूदान आंदोलन के सिलसिले में दुर्ग आए और इसके बाद दुर्ग के ही होकर रह गए। उन्होंने यहां कुष्ठ रोगियों की सेवा का अनुकरणीय कार्य किया। श्री बघेल ने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व की प्रतिमा कन्या शाला परिसर में स्थापित होने से यहां अध्ययनरत छात्राओं को सेवा, समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प लेने की प्रेरणा मिलेगी।
Statue of Sukhdev Raj unveiled : दुर्ग नगर निगम की महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने नगर निगम क्षेत्र में क्रांतिकारी सुखदेव राज की प्रतिमा स्थापित करने के लिए भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में पेंशनर्स संगठन की सक्रिय भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी पेंशनर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने पेंशनरों के सेवाभाव, समर्पण और सामाजिक प्रतिबद्धता के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
Statue of Sukhdev Raj unveiled : भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री वीरेन्द्र नामदेव ने अपने संबोधन में दुर्ग जिला इकाई की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद के साथी महान क्रांतिकारी सुखदेव राज की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए किया गया यह कार्य अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स महासंघ केवल पेंशनरों के अधिकारों और समस्याओं के लिए संघर्ष करने वाला संगठन ही नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। सुखदेव राज की प्रतिमा स्थापना इसी भावना का प्रमाण है।
सुखदेव राज पर पुस्तक का भी हुआ विमोचन
कार्यक्रम के दौरान भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ जिला दुर्ग के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी. के. वर्मा द्वारा क्रांतिकारी सुखदेव राज के जीवन पर लिखित पुस्तक *एक गुमनाम स्वामी – क्रांतिवीर सुखदेव राज* का अतिथियों ने विमोचन किया । पुस्तक के माध्यम से क्रांतिकारी सुखदेव राज के जीवन, उनके संघर्ष और राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके योगदान को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम को भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ जिला दुर्ग के अध्यक्ष बी. के. वर्मा तथा जिला महासचिव पी. आर. साहू ने भी संबोधित किया और सुखदेव राज के जीवन तथा उनके समाजसेवा कार्यों पर प्रकाश डाला।
समारोह में रायपुर से प्रमुख रूप से प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी, संगठन मंत्री टी. पी. सिंह, कोषाध्यक्ष बी. एस. दसमेर, दैनिक वेतन भोगी पेंशनर कल्याण प्रकोष्ठ के संयोजक अनिल पाठक, दुर्ग संभाग अध्यक्ष बी. एल. गजपाल, रायपुर जिला अध्यक्ष आर. जी. बोहरे, सचिव ओ. डी. शर्मा, आर. के. दीक्षित सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती ममता ध्रुव ने और आभार प्रदर्शन बी. के. शर्मा ने किया।










