Ayushi Yadav Murder Case : मथुरा। मथुरा के बहुचर्चित आयुषी यादव हत्याकांड में करीब चार साल बाद अदालत ने फैसला सुनाते हुए उसके माता-पिता को हत्या का दोषी करार दिया है। विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट अरविंद कुमार यादव की अदालत ने पिता नितेश यादव और मां ब्रजबाला को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। दोनों पर अर्थदंड भी लगाया गया है।

 Ayushi Yadav Murder Case : यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे ट्रॉली बैग में मिला था शव मामला 18 नवंबर 2022 का है। राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के लिंक रोड स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के पास लाल रंग के ट्रॉली बैग में 21 वर्षीय युवती का शव मिला था। युवती के सिर और सीने पर गोली के निशान थे। इसके अलावा सिर, हाथ और पैरों पर चोट के निशान भी मिले थे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान दिल्ली नंबर की एक कार से शव फेंके जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने इसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

तीन दिन बाद हुई थी आयुषी की पहचान

21 नवंबर 2022 को मृतका की पहचान दिल्ली के बदरपुर मोड़ बंद एक्सटेंशन निवासी 21 वर्षीय आयुषी यादव के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि आयुषी ने 13 अक्टूबर 2022 को दिल्ली स्थित आर्य समाज मंदिर में छत्रपाल गुर्जर से प्रेम विवाह किया था। पुलिस के मुताबिक, आयुषी के प्रेम विवाह से उसके माता-पिता नाराज थे। आरोप है कि बेटी के पति से अलग होने से इनकार करने पर पिता नितेश यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।

ट्रॉली बैग में भरकर फेंकी गई दी थी लाश

पुलिस जांच के अनुसार, हत्या के बाद आयुषी के शव को ट्रॉली बैग में रखा गया। इसके बाद नितेश यादव और ब्रजबाला कार से शव लेकर मथुरा पहुंचे और यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे उसे फेंककर वापस लौट गए। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था। बाद में उनके खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया। हालांकि, कुछ समय बाद दोनों को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी।

11 गवाहों की गवाही अहम

मुकदमे की सुनवाई के दौरान आयुषी के पति छत्रपाल गुर्जर समेत 11 गवाहों की गवाही हुई। अभियोजन की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों और गवाहों को अदालत ने महत्वपूर्ण माना। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेता यादव के अनुसार, मामले की सुनवाई के दौरान सामने आए साक्ष्य और गवाहों की गवाही दोष सिद्ध करने में अहम रही। विशेष न्यायाधीश अरविंद कुमार यादव की अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नितेश यादव और ब्रजबाला को दोषी ठहराते हुए दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही दोनों पर अर्थदंड भी लगाया गया। करीब चार साल से चर्चा में रहे इस हत्याकांड में अदालत के फैसले से आखिरकार आयुषी को न्याय मिल गया।

Previous articleStatue Unveiling Ceremony :  क्रांतिवीर सुखदेव राज की प्रतिमा का अनावरण 24 अगस्त को, विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह होंगे मुख्य अतिथि
Next articleMahtari Vandan Fraud : महतारी वंदन योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, 11 शिक्षक-क्लर्क उठा रहे थे फायदा, अब सैलरी से होगी वसूली

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here