
Ameri under bridge : बिलासपुर। कुछ माह पहले बहुप्रतीक्षित रेलवे अंडर ब्रिज पाकर लोग जितने खुश हुए थे, उससे ज्यादा अब उन्हें गुस्सा आ रहा है। इस अंडर ब्रिज से जान जोखिम में डालकर गुजरने के लिए लोग मजबूर हो गए हैं। इस अंडर ब्रिज की पहली ही बारिश में जो हाल है, उसे लेकर लोग कह रहे हैं कि इसका निर्माण जिन इंजीनियरों की देखरेख में हुआ है, उनकी जगह कुर्सियों पर नहीं, जेल में होनी चाहिए ।
Ameri under bridge : रेलवे जोन मुख्यालय बिलासपुर के उसलापुर स्टेशन से होकर गुजरने वाली रेललाइन पर अमेरी में बने इस अंडर ब्रिज को कुछ माह पहले ही आवागमन के लिए खोला गया था। पहली बारिश भी यह अंडर ब्रिज नहीं झेल सका। ब्रिज का लाइन के नीचे की फ्लोर धंस गई और इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं कि लोगों को इस ब्रिज से गुजरना मुश्किल हो गया है। लोग जान जोखिम में डालकर गुजरने के लिए मजबूर हैं।

Ameri under bridge : इस अंडर ब्रिज के आम लोगों के आवागमन के लिए खोलने के समय से ही इसके निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे थे। इसके एप्रोच की कांक्रीटिंग की परत पहले दिन से बिखरने लगी थी। सिर्फ ब्रिज के नीचे की फ्लोर ही नहीं धंसी है बल्कि एप्रोच भी बुरी तरह उबड़-खाबड़ हो चुका है। ब्रिज के स्लैब से लगातार पानी टपक रहा है। लोग इसे बड़े खतरे के रूप में देख रहे हैं।
Ameri under bridge : अमेरी शहर का ही हिस्सा है और रोज हजारों लोग इस ब्रिज से होकर गुजरते हैं । अव्वल तो इस ब्रिज की डिजाइन पर ही लोगों को तरह आ रहा है। जिस अंडर ब्रिज होकर शहर की एक बड़ी आबादी को गुजरना है उसकी एक ओर की चौड़ाई महज एक गाड़ी के गुजरने भर है। एक गाड़ी के गुजरते समय इतनी भी जगह नहीं बचती कि किसी आपात स्थिति में लोग अपना बचाव कर सकें।

Ameri under bridge : इस रेलवे अंडर ब्रिज की डिजाइन, निर्माण की गुणवत्ता और आगे इसकी मरम्मत के सवाल पर रेलवे के अधिकारियों से जानकारी के लिए फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया। बिलासपुर रेलवे जोन में अलग कार्यसंस्कृति चल रही है। बहुतेरे अधिकारी यहां वर्षों से जमे हुए हैं और यह मान बैठे हैं कि उनका आम लोगों से कोई लेना-देना नहीं है। इसी कार्य-संस्कृति के कारण यह जोन की अप्रिय घटनाओं का गवाह बन रहा है।
Ameri under bridge : अमेरी के इस अंडर ब्रिज की दशा देखकर आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं कि कोई बड़ी दुर्घटना न हो जाए। रेलवे ही नहीं राज्य सरकार को भी इस अंडर के निर्माण की गुणवत्ता की जांच करानी चाहिए। साथ ही यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इस अंडर ब्रिज में कोई अनहोनी न हो। रेललाइनें बिलासपुर शहर से होकर गुजरी हैं इसलिए यहां ओवरब्रिज हो या अंडर ब्रिज इनके महत्व को व्यापक नजरिए से देखने और समझने की जरूरत है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस मामले में रेलवे और राज्य सरकार के नजरिए ने निराश ही किया है।










