Bridge collapsed on the highway : बिलासपुर। जिले में रविवार शाम उस समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर बांसाझाल के पास पुराना पुल अचानक बीच से टूटकर दो हिस्सों में बंट गया। उसी समय पुल से गुजर रही एक यात्री बस टूटे हुए हिस्से पर जाकर फंस गई। बस का अगला हिस्सा पुल के टूटे स्लैब के किनारे अटक गया, जिससे वह नदी में गिरने से बाल-बाल बच गई।
Bridge collapsed on the highway : यह पुल लगभग 35 साल पुराना था और लंबे समय से इसकी स्थिति जर्जर बताई जा रही थी। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह बिलासपुर-जबलपुर निर्माणाधीन नेशनल हाईवे-45 का हिस्सा है। इस परियोजना पर लगभग 510 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के कई हिस्सों में पहले से दरारें दिखाई दे रही थीं, जिससे सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे थे।
Bridge collapsed on the highway : पुल टूटने के बाद बिलासपुर-रतनपुर हाईवे पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस घटना से पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक सहित मध्य प्रदेश के जबलपुर और शहडोल तथा छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ से सीधा सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है। यह मार्ग दोनों राज्यों के बीच आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। अचानक यातायात बाधित होने से यात्रियों और मालवाहक वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Bridge collapsed on the highway : सुरक्षा की दृष्टि से पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। फिलहाल बिलासपुर से पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक और जबलपुर की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित डायवर्जन रूट से भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पुल की तकनीकी जांच के बाद ही आगे की मरम्मत या पुनर्निर्माण का निर्णय लिया जाएगा।









