CG assembly-session: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के 14 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र के पहले ही दिन कांग्रेस राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी। रविवार को नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के सरकारी निवास पर हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में इस प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से फैसला लिया गया। बैठक के बाद महंत ने कहा कि मौजूदा सरकार भरोसा खो चुकी है।
CG assembly-session: नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ा है, बिजली संकट, महंगाई, किसानों की समस्याएं और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता परेशान है। मानसून सत्र के दौरान विपक्ष इन सभी जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा और सरकार से जवाब मांगेगा।
CG assembly-session: बैठक में नकटी गांव का मामला भी प्रमुखता से उठा। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव लाने का फैसला किया है। डॉ. महंत ने कहा कि पार्टी इस मामले को पूरी मजबूती के साथ सदन में उठाएगी और जरूरत पड़ने पर सदन के भीतर भी विरोध प्रदर्शन करेगी। डॉ. महंत ने कहा कि विधानसभा का मानसून सत्र भले ही केवल पांच दिनों का हो, लेकिन विपक्ष सरकार को हर मुद्दे पर घेरने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदन के साथ-साथ सड़क पर भी जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।









