Widely discussed Meerut blue drum case : मेरठ। कॉलेज में मुलाकात, फिर प्यार और लव मैरिज… लेकिन कुछ साल बाद यही रिश्ता एक सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया। मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड, जिसे ‘नीला ड्रम कांड’ के नाम से जाना गया, में अदालत ने 14 अक्टूबर 2026 को मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को फांसी की सजा सुनाई। इस मामले ने रिश्तों, विश्वास और अपराध की दुनिया को लेकर कई सवाल खड़े किए। करीब 16 महीने तक चली कानूनी प्रक्रिया अदै का फैसला आया।
कॉलेज में मुलाकात से शुरू प्रेम कहानी
सौरभ राजपूत और मुस्कान रस्तोगी की मुलाकात साल 2014-15 के आसपास मेरठ के एक कॉलेज में हुई थी। पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्यार में बदल गया। पढ़ाई पूरी करने के बाद सौरभ की नौकरी मर्चेंट नेवी में लग गई। नौकरी मिलने के बाद वह छुट्टी पर मेरठ आया और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के कुछ समय बाद उनके घर बेटी का जन्म हुआ और परिवार आगे बढ़ा।
सौरभ की नौकरी और साहिल का प्रवेश
मर्चेंट नेवी में नौकरी के कारण सौरभ को कई-कई महीने घर से दूर रहना पड़ता था। इसी दौरान मुस्कान की मुलाकात अपने कॉलेज के पुराने परिचित साहिल शुक्ला से हुई। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, मुस्कान और साहिल के संबंधों ने आगे चलकर सौरभ की हत्या की साजिश में अहम भूमिका निभाई।
मार्च 2025 में रची गई हत्या की साजिश
सौरभ फरवरी 2025 के अंत में नौकरी छोड़कर मेरठ लौट आया था। मार्च में उसकी शादी की सालगिरह और बेटी का जन्मदिन था। बताया जाता है कि 2 मार्च को परिवार ने मॉल में खरीदारी भी की थी। हालांकि, सौरभ के घर लौटने के बाद मुस्कान और साहिल के मिलने-जुलने में बाधा आने लगी। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, इसके बाद दोनों ने सौरभ को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
3 मार्च की रात हुई सौरभ की हत्या
जांच के अनुसार, 3 मार्च 2025 की रात सौरभ को खाने में जहरीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके टुकड़े किए गए और नीले ड्रम में रखकर सीमेंट से बंद कर दिया गया। इसी तरीके के कारण यह मामला ‘नीला ड्रम कांड’ के नाम से चर्चित हुआ। वारदात के बाद आरोपियों के हिमाचल प्रदेश जाने की बात भी सामने आई।
19 मार्च को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सौरभ की हत्या से जुड़े सुराग जुटाए। जांच आगे बढ़ने पर मुस्कान और साहिल की भूमिका सामने आई। दोनों को 19 मार्च 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या से जुड़े घटनाक्रम, साक्ष्यों और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की। मामले में जांच पूरी करने के बाद पुलिस ने अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।

