Dussehra Traffic Chart : सूरजपुर। दशहरा पर्व पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव के दौरान वाहनों के प्रवेश, आवागमन और पार्किंग के लिए रूट निर्धारित किया गया है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर यातायात पुलिस ने पार्किंग मैप जारी करते हुए नागरिकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है। पर्व के दौरान शहर में पिकअप वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, वहीं अग्रसेन चौक से कार्यक्रम स्थल की ओर वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी।
चारपहिया वाहनों के लिए
चारपहिया वाहन चालक बड़कापारा एवं मानपुर चौक मार्ग से कार्यक्रम स्थल की ओर पहुंच सकेंगे। वाहनों की पार्किंग के लिए हाईस्कूल ग्राउंड निर्धारित किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें, ताकि पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
भारी वाहनों का रूट बदला
यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय ने बताया कि बुधवार, 21 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों का मार्ग निर्धारित किया गया है। विसर्जन के उपरांत सभी भारी वाहन बाईपास रिंग रोड एवं महगवां होते हुए भैयाथान रोड की ओर जाएंगे। इस व्यवस्था से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम करने और आम नागरिकों की आवाजाही सुगम बनाए रखने में मदद मिलेगी।
व्यवस्था बनाए रखने सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने दशहरा पर्व के दौरान निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। साथ ही वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी नहीं बैठाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से पर्व के दौरान संयम और सावधानी बरतते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।

