CG Medical Education : रायपुर। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने जा रहा है। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने राज्य के पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से संचालित करने की मान्यता दे दी है। इसके तहत दंतेवाड़ा (गीदम), जांजगीर, मनेंद्रगढ़, जशपुर जिले के कुनकुरी और कबीरधाम में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक कॉलेज में शुरुआती चरण में 50-50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
CG Medical Education : इन कॉलेजों का संचालन पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय से संबद्ध होगा। चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम-2019 और स्नातक चिकित्सा शिक्षा मानक विनियम-2023 के तहत आवेदन, निरीक्षण रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद अनुमति पत्र (Letter of Permission) जारी किया है।
CG Medical Education : सरकारी मेडिकल कॉलेजों को केंद्र सरकार की नीति के तहत एमबीबीएस की 15 प्रतिशत सीटें अखिल भारतीय कोटा (AIQ) और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की 50 प्रतिशत सीटें मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) के केंद्रीकृत काउंसलिंग के लिए उपलब्ध करानी होंगी। राज्य सरकार का मानना है कि इन पांच नए मेडिकल कॉलेजों की शुरुआत से प्रदेश में डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी, मेडिकल शिक्षा का दायरा विस्तृत होगा और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी।









