PPO with retirement : रायपुर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के निरंतर अभियान का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। बस्तर जिले से शुरू हुई सेवानिवृत्ति के समय ही पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) और देय राशि भुगतान की पहल अब प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ रायपुर जिले में भी शुरू हो गई है। रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में रायपुर जिले के विभिन्न विभागों के 49 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कलेक्टर गौरव सिंह ने स्वयं पीपीओ (पेंशन पेमेंट आर्डर) एवं उनके देय लाभों से संबंधित दस्तावेज सौंपे और सेवानिवृत होने का प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
PPO with retirement : भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने इसके लिए लगातार पहल कर रहे थे । महासंघ के पदाधिकारियों ने इसके लिए श्री नामदेव द्वारा किए गए सतत प्रयासों की सराहना करते हुए कलेक्टर गौरव सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। पेंशनर्स महासंघ द्वारा लंबे समय से मुख्य सचिव से लेकर विभिन्न स्तरों पर मांग की जा रही थी कि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय ही पीपीओ सहित सभी देयकों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
PPO with retirement : भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ रायपुर संभाग के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, रायपुर जिला अध्यक्ष आर. जी. बोहरे और जिला सचिव ओ. डी. शर्मा ने कहा कि इस व्यवस्था से पेंशनरों को बार-बार विभागीय कार्यालयों और कोषालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा देयकों के भुगतान में होने वाले अनावश्यक विलंब पर रोक लगेगी।
महासंघ ने मांग की है कि इस व्यवस्था को सभी विभागों में सख्ती से लागू किया जाए और लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। इससे विभागीय अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर उनका वैधानिक हक मिल सकेगा।









